20240322 094341

बड़ी खबर: सुपौल में बकौर पुल का बड़ा हिस्सा गिरा, 1 की मौत गार्टर गिरकर 3 फीट धंसी; कई मजदूरों दबे होने की आशंका

BIHAR: बिहार के सुपौल में बकौर और मधुबनी जिले के भेजा के बीच बन रहे पुल का तीन गार्टर गिर गया है। यह गार्टर पिलर नंबर 50, 51 और 52 के गिरे हैं। इस हादसे में एक की मौत हो गई है। 15 से 20 मजदूर घायल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 30 से ज्यादा मजदूरों के दबे होने की आशंका है। हालांकि प्रशासन की ओर से 8 लोगों के दबे होने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि पुल का एक हिस्सा कोसी नदी में गिर गया है। गार्टर गिर कर 3 फीट नीचे तक धंस गया है। गोपालपुरसिरे पंचायत मुखिया पति सुरेंद्र ने कहा कि हेड मैनेजर को हमलोगों ने कहा था कि पुल में गुणवत्ता की कमी है। इसका हमलोग विरोध कर रहे थे। पुलिस से धमकी दिलाई जा रही थी। 20 लोगों को ग्रामीणों के सहयोग से अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय ग्रामीण ओमप्रकाश ने कहा कि पुल बनने से पहले टूट गया, ये भ्रष्टाचार है। इसमें 30 लोग दबे हैं। जो घायल हैं उन्हें ग्रामीणों ने सदर अस्पताल सुपौल भेजा है।

बता दें कि यह पुल केंद्र सरकार की बड़ी योजनाओं में से एक है। यहां देश का सबसे लंबा पुल बन रहा है, जो केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से 12 सौ करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। इसकी लंबाई 10.2 किमी से ज्यादा है। एप्रोच रोड मिलाकर पुल की कुल लंबाई 13.3 किलोमीटर होगी। पुल का निर्माण 2023 तक पूरा होना था, लेकिन कोरोना एवं बाढ़ के कारण पुल निर्माण का समय बढ़ गया।

देश का सबसे लंबा सड़क पुल

सुपौल के बकौर और मधुबनी जिले के भेजा के बीच बन रहा ये पुल देश का सबसे लंबा सड़क पुल है। केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से 1200 करोड़ की लागत से 10.2 किलोमीटर लंबे महासेतु का निर्माण किया जा रहा है।

एप्रोच रोड मिलाकर पुल की लंबाई 13.3 किलोमीटर होगी। निर्माण कार्य दो एजेंसी कर रही है। इसमें गैमन इंडिया एवं ट्रांस रेल लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। यह पुल निर्माण दोनों एजेंसी का जॉइंट वेंचर है। पुल का निर्माण 2023 तक पूरा होना था, लेकिन कोरोना और बाढ़ के कारण अब यह पुल 2024 में पूरा होगा।

सुपौल से मधुबनी की दूरी 30 किमी होगी कम

भारत के इस सबसे लंबे पुल का निर्माण भारतमाला परियोजना के तहत पैकेज चार कोसी पुल और एप्रोच रोड का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल के निर्माण के बाद सुपौल से मधुबनी की दूरी 30 किलोमीटर कम हो जाएगी। इस परियोजना की कुल लागत 1199.58 करोड़ रुपए है, जिसमें 1101.99 करोड़ रुपये का सिविल कार्य शामिल है।

4 जून 2023 को भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहा पुल गिरा था

बिहार के भागलपुर में गंगा पर बन रहा सुल्तानगंज-अगुवानी फोरलेन पुल का एक हिस्सा रविवार को नदी में समाहित हो गया। नदी में पिलर संख्या 9-13 के बीच बना पुल का सुपर स्ट्रक्चर भर भरा कर गिर गया। पुल का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका था। 1710 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस पुल का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसी साल दिसंबर में करने वाले थे।

बता दें कि 2014 में नीतीश कुमार ने इस पुल का शिलान्यास किया था। पुल को 2019 में तैयार हो जाना था, लेकिन 2019 से अब तक 8 बार इसके उद्घाटन के डेडलाइन को बढ़ाया जा चुका है। इससे पहले अप्रैल 2022 में पुल के पिलर नंबर-5 का सेगमेंट गिरा था। तब इसकी वजह आंधी-तूफान को बताया गया था।

Share This Post:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *